बांदा: दहेज के कारण अक्सर शादी के बाद रिश्ते टूटते हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में इसका उल्टा हुआ है। यहां शादी के 8 दिन पहले ही रिश्ता टूट गया है। दरअसल, लड़के पक्ष के लोगों ने दहेज में तय रकम से अतिरिक्त की मांग करने लगे। महिला पक्ष के लोगों ने जब दहेज देने से मना कर दिया तो रिश्ता टूटने की बात सामने आ गई। पीड़ित महिला पक्ष की तहरीर पर दूल्हा पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बांदा जिले के बिरसा मुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी बेबरू कोतवाली क्षेत्र के एक युवक से तय की थी। शादी में दहेज देने की बात भी तय हो गई थी। दोनों पक्ष की सहमति के बाद 11 नवंबर को इंगेजमेंट का कार्यक्रम भी रख दिया गया। 16 जनवरी को शादी के लिए डेट फिक्स की गई। पीड़ित पक्ष के मुताबिक शादी में 11 लख रुपये नगद और डेढ़ लाख के सामान देने की मांग दूल्हे पक्ष की ओर से की गई थी। अब जैसे शादी का समय नजदीक आया है दूल्हे पक्ष की ओर से अतिरिक्त पैसों की डिमांड की जा रही है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक दूल्हे पक्ष के लोगों से समझौते का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने नहीं माना। दहेज के लिए अड़े हुए हैं।
होने वाली दुल्हन पहुंची थाने, दूल्हे को हो सकती है जेल
दहेज लेना भारत में अपराध माना जाता है। इस पर कड़ी सजा हो सकती है। मंगलवार को जब दूल्हे पक्ष के लोग दहेज के लिए नहीं माने तो होने वाली दुल्हन थाने पहुंच गई। दूल्हे पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इंगेजमेंट के बाद शादी तोड़ने के अपराध के चलते दूल्हे को जेल जाना पड़ सकता है।